रेवाड़ी। जिले की तीन विधानसभाओं में संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों की सुरक्षा अर्ध सैनिक बल संभालेंगे। सुुरक्षा के लिए गुजरात स्टेट रिजर्व पुलिस फोर्स की दो कंपनी व एक प्लाटून रेवाड़ी पहुंच गई है। इन कर्मियों को पुलिस लाइन में ठहराया गया है। बुधवार से सुरक्षा बलों को अलग अलग जगह पर तैनात करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जिसमें फ्लैग मार्च भी रहेगा।
जिले की तीन विधानसभाओं में कुल 779 बूथ बनाए गए हैं। कोसली में 274 बूथ बनाए गए हैं। जिसमें 55 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र है। जिले में 38 संवेदनशील मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिसमें 27 अतिसंवेदनशील व 21 संवेदनशील पोलिंग बूथ है। रेवाड़ी विधानसभा में 248 बूथ हैं। जिसमें 11 अतिसंवेदनशील व 10 संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। बावल में 257 बूथ बनाए हैं। जिसमें 17 अतिसंवेदनशील व 7 संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अर्ध सैनिक बलों व बाहरी प्रदेशों के सुरक्षा बलों के हवाले किया जाएगा। रेवाड़ी में बीएसएफ की एक प्लाटून पहले पहुंच चुकी है। मंगलवार को गुजरात स्टेट रिजर्व पुलिस की दो कंपनी व एक प्लाटून पहुंची है। जिसमें 235 जवान ड्यूटी के लिए आए हैं। इन सभी जवानों को पुलिस लाइन में ठहराया गया है। बाहर से आई फोर्स को बुधवार से ड्यूटी का आवंटन शुरू हो जाएगा। जिसमें अर्ध सैनिक बलों को शहर के प्रमुख चौराहों पर तैनात किया जाएगा। 8 से 11 मई तक जिले के अलग अलग हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला जाएगा।