कान में ईयरफोन लगा पटरी पार रही छात्रा ट्रेन की चपेट में आई, मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के डबल फाटक पर सोमवार को कानों में ईयर फोन लगाकर कॉलेज से घर लौट रही छात्रा की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। जीआरपी एसएचओ रणवीर सिंह ने बताया कि गुलाबी बाग निवासी 21 वर्षीय ज्योति केएलपी कॉलेज में बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कॉलेज से वह अपने घर लौट रही थी। छात्रा कानों में ईयरफोन लगाकर गाने सुनती हुई डबल फाटक को पार कर रही थी। इसी दौरान वह दिल्ली की ओर से आ रही पोरबंदर एक्सप्रेस की चपेट में आ गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
---
लंबे समय से की जा रही है अंडरपास की मांग
डबल फाटक से करीब 35 हजार परिवार प्रभावित हैं। यहां पड़ने वाले अजय नगर, रेलवे कॉलोनी, विकास नगर, कुतुबपुर के बाशिंदों को यहां से निकलना पड़ता है। यह फाटक लंबे समय से बंद है। ऐेसे में लोगों को रामपुरा की ओर से होकर निकलना पड़ता है। इसके अतिरिक्त लोग नियमों को तोड़कर रेल पटरियों को पार कर या रेल फुट ओवरब्रिज से होकर निकलते हैं। डबल फाटक पर पुल बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। फाटक बंद होने के कारण लोगों को जान हथेली पर रखकर फाटक के पार करना पड़ता है। सोमवार को भी ट्रेन की चपेट में छात्रा भी इसी का परिणाम था। फाटक के 24 घंटे बंद रहने से दोनों ओर रहने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। उक्त फाटक पर अंडरपास बनाने की मांग को लेकर यहां विभिन्न सामाजिक संस्थाएं प्रदर्शन करने के साथ-साथ हरियाणा सरकार, केंद्र सरकार व रेलवे के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंप चुकी है, लेकिन अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं हुआ है।