बदमाशों ने बाइक सवारों से तीन लाख लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
शहर के दिल्ली रोड स्थित उत्तम नगर के समीप शनिवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की पीठ में चाकू घाेंपकर थैले में रखे तीन लाख रुपये लूट लिए। बाइक में बैठे दो अन्य साथियों पर ईंट और लाठी-डंडों से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। दस बाइकों में सवार होकर आए करीब तीस बदमाशों के हुड़दंग से क्षेत्र में दहशत है। मौके पर पहुंची महिला पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार खोरी गांव निवासी मनजीत पुत्र बलजीत शनिवार दोपहर अपने मामा के लड़के रूंध गांव निवासी सुनील को पिकअप दिलाने के लिए बाइक पर सवार होकर दिल्ली रोड स्थित एजेंसी जा रहा था। बाइक पर उसी गांव का दूसरा युवक मंजीत भी बैठा था। उत्तम नगर के समीप एजेंसी से कुछ ही दूरी पर करीब 10 बाइकों पर सवार होकर आए 30 लोगों ने उनकी बाइक रुकवा ली। हमलावरों ने आते ही मनजीत पुत्र बलजीत और उसके साथियों को बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। सड़क पर पड़े ईंटों और डंडों से उनकी बुरी तरह से पीटाई की। रुपयों का थैला मनजीत पुत्र बलजीत के पास था। इसी दौरान हमलावरों में से एक ने चाकू निकालकर बलजीत की पीठ में घोंप दिया। इसके बाद हमलावरों ने मनजीत पुत्र बलजीत के हाथ से थैला छीन लिया। चाकू लगने के बाद बलजीत एजेंसी के अंदर भाग। हमलावर भी उसके पीछे भाग। रोड पार करते समय दो बदमाश गिर गए। इसके बाद सभी नोटों का थैला लेकर वहां से भाग निकले। घायलों को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर लाया गया, वहां से मनजीत पुत्र बलजीत को परिजन निजी अस्पताल ले गए।
कंपनी में लगानी थी पिकअप
दरअसल यह पिकअप रूंध गांव निवासी सुनील को चाहिए थी। वह शनिवार शाम खोरी में अपनी बुआ के घर पहुंचा। यहां से बुआ के लड़के मनजीत पुत्र बलजीत और उसी गांव के मंजीत को साथ लेकर करीब साढ़े 11 बजे ब्रास मार्केट पहुंचा। यहां सुनील का भाई अनिल रुपये का थैला लेकर खड़ा था। उसने यह थैला तीनों को थमा दिया। इसके बाद वह बाइक से पिकअप लेने एजेंसी जा रहे थे। घायलों का आरोप है कि हमला होने के बाद उन्होंने करीब आधे घंटे तक 100 नंबर पर फोन किया लेकिन फोन व्यस्त ही आता रहा।
अपनी गाड़ी में लाई लेडी सिंघम
शहर में लेडी सिंघम के नाम से मशहूर एसआई वीना राणा उस समय धारूहेड़ा के एक स्कूल में लड़कियों को आत्मरक्षा के टिप्स देकर लौट रही थी। तभी वीटी हुई। वीना राणा उसी समय मौके पर पहुंची और बिना एंबुलेंस का इंतजार किए घायलों को अपनी गाड़ी में से ट्रॉमा सेंटर ले आई। समय पर पहुंचने पर घायलों का ट्रॉमा सेंटर में उपचार शुरू किया गया। वीना राणा के इस हौसले की वहां मौजूद सभी लोगों ने प्रशंसा की। पुलिस इस लूट की कई एंगलों से पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि सुनील ने पिकअप लाने की कई दिनों से चर्चा कर रखी थी। इसीलिए बदमाशों को पता था कि वह पिकअप लाएगा। ऐसे में उस पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी। हालांकि बदमाशों में किसी को भी सुनील या उसके साथी पहचानने से इनकार कर रहे हैं।
------------
मैं धारूहेड़ा गई थी। रास्ते में घटना को लेकर वीटी हुई। मैं सीधे मौके पर पहुंची और घायलों को गाड़ी से अस्पताल पहुंचवाया। तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। - वीना राणा, एसआई
कोट
हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। समीप की दुकानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। घायल युवकों एवं उनके परिजनों से भी जानकारी जुुटाई जा रही है। - गजेंद्र कुमार, डीएसपी हेडक्वार्टर