दरवाजा बंद कर पत्नी का गला रेतकर मार डाला
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। गांव गोलियाकी में बुधवार शाम को एक युवक ने चाकू से गला रेतकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी घर में ही छिपकर बैठ गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गोलियाकी निवासी कृष्ण कुमार पुत्र रमेश कुमार ने छह साल पहले बिहार की रहने वाली राधा नाम की महिला से शादी थी। शादी के बाद एक बेटा और एक बेटी पैदा हुई। कृष्ण कुमार कोई कामकाज नहीं करता था। उसकी पत्नी ही खेतों में मजदूरी का कार्य करके अपना पेट पालती थी। मंगलवार को भी कृष्ण ने अपनी पत्नी के साथ सरेआम रास्ते में मारपीट की। इसके बाद गांव के लोगों ने बीच बचाव किया। मंगलवार को मारपीट के बाद वह गुस्से में था। बुधवार दोपहर को भी ग्रामीणों ने उसे नशे की हालत में देखा। बुधवार शाम को उसने घर में फिर पत्नी के साथ मारपीट की। पड़ोसियों ने बचाव करने का प्रयास भी किया लेकिन उसने कमरा बंद कर लिया। इसके बाद उसने चाकू से पत्नी पर हमला कर दिया। उसे गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वहीं छिपकर बैठ गया। जब राधा की चीख नहीं सुनाई दी तो आसपास के लोगों ने दरवाजा तोड़ा तो उनके होश उड़ गए। उसने राधा का गला रेता हुआ था। सूचना मिलने के बाद रामपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि कृष्ण की नशे की लत की वजह से उसका बेटा दादी के पास रहता है जबकि उसकी बेटी अपनी बुआ के पास रहती है। बच्चों के घर नहीं होने के कारण उसने आसानी से वारदात को अंजाम दे दिया।
---------------
पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह से ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है। मृतका शराब की लत की वजह से पति के साथ झगड़ा करती थी। आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज करके उसको गिरफ्तार कर लिया गया है।
- पवन कुमार, थाना प्रभारी, रामपुरा।