रेवाड़ी। जिला के गांव बोडिया कमालपुर स्थित राजकीय स्कूल में नकल कराने से रोकने पर युवकों ने सदर थाना के स्पेशल पुलिस आफिसर पर हमला कर दिया। जिससेे वह घायल हो गए। घटना के बाद आरोपियों युवक मौके से फरार हो गए। सदर थाना पुलिस ने युवकों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
पुलिस ने बताया कि गांव बोडिया कमालपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में दसवीं व बारहवीं कक्षा के परीक्षा के लिए केंद्र बनाया गया है। सदर थाना के स्पेशल पुलिस आफिसर प्रवेश की परीक्षा केंद्र में ड्यूटी लगी हुई है। वह मंगलवार को स्कूल के बाहर ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने स्कूल के अंदर घुसने का प्रयास किया तो उन्हें रोक लिया। अंदर जाने से रोकने पर युवकों ने उन पर पत्थर व ईंटों से हमला कर दिया। ईंट लगने से वे घायल हो गए । सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एसपीओ की शिकायत पर गांव बोडियाकमालपुर निवासी प्रमोद, गांव मांढैया निवासी विकास उर्फ चीकू सहित अन्य युवकों के खिलाफ मारपीट व सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारी हेडकांस्टेबल संदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए गांव में दबिश भी दी गई, परंतु वे अभी फरार है।