अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर की अनाज मंडी से सरसों भरे दो कट्टे चोरी करने वाले ती आरोपियों को माडल टाउन थाना पुलिस गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सरसों भरे कट्टे और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।
जांचकर्ता प्रधान सिपाही सुनील कुमार ने बताया कि एक अप्रैल को अनाज मंडी स्थित रामेश्वर दयाल एंड कंपनी के संचालक मनोज गुप्ता ने अपनी दुकान के सामने से सरसों के कट्टे चोरी होने की शिकायत की थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी दुकान के सामने सरसों से भरे कट्टे रखे थे जिनमें से बीती रात कुछ कट्टे चोरी हो गए। पुलिस ने मनोज गुप्ता की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
चोरी की वारदात से पर्दा उठाने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। वीरवार सुबह फिर से दो आरोपी चोरी करने की फिराग में बाइक से अनाज मंडी पहुंचे। इसी दौरान पुलिस ने शहबाजपुर खालसा निवासी दीपक उर्फ दीपू व रोहित को काबू कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को वीरवार को ही अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। रिमांड के दौरान चोरी की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी जो की वारदात से पहले मौके की रैकी करता था उसकी जानकारी मिलने पर गत दिवस ही पुलिस शहबाजपुर खालसा निवासी तेजपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए गए सरसों से भरे दो कट्टे तथा वारदात मे प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है।