रेवाड़ी। गांव माजरा के सरपंच के घर में घुसकर पिस्तौल दिखाकर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने और परिवार को मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आसपास के लोगों के एकत्रित होने पर आरोपी जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर फरार हो गए। खोल थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव माजरा निवासी सरपंच देशराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव में रोड बनने का काम चल रहा है। शनिवार शाम को वह कार्य का निरीक्षण करने के लिए गया था। पीछे से एक गाड़ी में सवार होकर कुछ लोग उनके घर पहुंचे। इनमें से दो की पहचान सुजीत और नवीन के रूप में हुई है। इनके साथ पांच अन्य साथी भी थे। घर पर उस समय उसका छोटा भाई दिनेश था। सुजीत ने दिनेश की कनपटी पर पिस्तौल रखकर कन्होरी नाम के एक युवक के बारे में पूछा। सरपंच ने बताया कि कन्होरी उसका दोस्त है। कभी-कभी उसके घर आता है। घबराए दिनेश ने मोबाइल फोन पर हथियारबंद बदमाशों के आने की सूचना दी। सरपंच के अनुसार वह जैसे ही एक पंच के साथ लेकर घर पहुंचा तो सुजीत ने उस पर भी पिस्तौल तान दी। सुजीत ने उससे एक लाख रुपये मांगे। शोर सुनकर जब गांव के लोग घर के बाहर जमा होने लगे तो आरोपी उसे जातिसूचक गालियां और धमकी देकर फरार हो गया। जांच अधिकारी डीएसपी सुरेश हुड्डा ने बताया कि सरपंच की शिकायत पर सुजीत और नवीन को नामजद कर सात लोगों पर विभिन्न धाराओें, एससी एसटी एक्ट व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। सुजीत व नवीन फरार है। उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।