सिटी थाना क्षेत्र के बारा हजारी में ज्वेलर शॉप के जौहरी को विश्वास में लेकर नई दिल्ली निवासी दंपत्ति ने 20 लाख रुपये के जेवरात ठग लिए। मामला बीते 1 अगस्त का है। पीड़ित जौहरी की सूचना पर सिटी थाना पुलिस ने आरोपी दंपत्ति के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाराहजारी में रहने वाले नीरज सोनी की क्षेत्र में ही ज्वेलरी शॉप है। नई दिल्ली के सेक्टर एरिया निवासी मनमीत बेदी और उनकी पत्नी बॉबी उनके शोरूम पर कई बार महंगे-महंगे जेवरात खरीद चुके थे। बीती एक अगस्त को भी मनमीत और बॉबी रेवाड़ी आए और 20 लाख रुपये की कीमत के 800 ग्राम सोने के जेवरात मंगा लिए। इसके बाद काफी समय तक पेमेंट न आने पर नई दिल्ली पहुंचकर जेवर की पेमेंट मांगी तो पहले आनाकानी और बाद में पेमेंट नहीं देने की बात कहते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित ज्वेलर की शिकायत पर मामला दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अग्रसेन चौक पर मंगा लिया था माल
ज्वेलर ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि एक अगस्त को बेदी दंपति ने उसे फोन किया और अंदर काफी भीड़भाड़ होने की बात कहते हुए जेवर चौक पर ही मंगा लिए। वह भी विश्वास पर जेवर लेकर चला गया। यहां दंपति ने नेकलेस पसंद कर पेमेंट बाद में देने की बात कही और चले गए।