रेवाड़ी। गांव जलियावास में फायरिंग कर व्यापारी से दस लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले तीन बदमाशों को सीआईए धारूहेड़ा ने बुधवार रात को गांव पातुहेड़ा की नहर के समीप लूट की साजिश बनाते काबू किया है। पुलिस ने बदमाशों से अवैध हथियार व एक बाइक भी बरामद की है। बदमाशों की पहचान गांव पातुहेड़ा निवासी अभय सिंह उर्फ काला, धर्मेंद्र उर्फ गजनी व राजस्थान के जिला अलवर के गांव बगाना निवासी अभय सिंह उर्फ काला के रूप में हुई है।
सीआईए धारूहेडा पुलिस को बुधवार रात सूचना मिली थी कि पातुहेडा नहर के नजदीक बाइक सवार तीन युवक हथियारों सहित औद्योगिक क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों को लूटने की फिराक में है। सूचना मिलते ही एसआई विनोद, एएसआई इकबाल खान, एचसी अमित व सिपाही विकास, नसीब, अशोक व महेन्द्र मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने टॉर्च दिखाकर गाड़ी को रुकवाया। गाड़ी के रुकते ही आरोपियों ने सवारी समझकर हथियार दिखाकर लूटने का प्रयास किया था। लेकिन पुलिसकर्मियों को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों केे पास से दो देसी पिस्तौल, छह कारतूस, एक अपाचे बाइक, लोहे का सरिया व एक टॉर्च बरामद की है। कसौला थाना मे आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जलियावास में व्यापारी से मांगी थी 10 लाख की रंगदारी
पुलिस द्वारा पूछताछ पर आरोपियों ने बताया कि 19 मार्च की रात को जलियावास गांव मे स्थित चौधरी ट्रेडर्स के संचालक यूपी के शामली निवासी दानिश अहमद से दस लाख रुपये की मांग की थी, लेकिन रुपये देने से इंकार करने पर उस पर फायर भी किया। आरोपियों द्वारा दी गई जानकारी अनुसार रंगदारी मांगने की वारदात मे शामिल पातुहेडा निवासी कमल उर्फ बिल्लू को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी कमल के पास से एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है।
एक दिन पुलिस रिमांड पर लिया बदमाशों को
पुलिस ने बदमाशों को वीरवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस बदमाशों से अन्य वारदातों के बारे में भी गहनता से पूछताछ करेगी।