हरियाणा रोडवेज का कलर, राजस्थान का नंबर वाली निजी बस पकड़ी, 50 हजार लगाया जुर्माना
रेवाड़ी।
हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर चलने वाली एक निजी बस को आरटीए की टीम ने जब्त कर 50 हजार का जुर्माना लगाया है। हरियाणा रोडवेज के बस की कलर की यह निजी बस रात को दिल्ली-जयपुर के बीच हाईवे- 8 पर चलती थी। जानकारी मिलने के बाद आरटीए टीम को एक माह से इसकी तलाश थी। टीम ने बनीपुर चौक के समीप कार्रवाई कर बस को कसौला थाना भेज दिया।
जानकारी के अनुसार हाईवे- 8 पर जयपुर से दिल्ली के बीच लंबे समय से हरियाणा रोडवेज की बसों की हूबहू नकल वाली निजी बसें सवारियां ढो रही थीं। इसकी कई बार विभाग को शिकायतें भी की गई। आरटीए और पुलिस की तरफ से इस तरह की बसों को काबू करने के लिए कई कार नाकेबंदी की गई, लेकिन बस चालक आरटीए टीम को हर बार गच्चा दे जाते थे। दो दिन पूर्व सूचना के आधार पर बनीपुर चौक के समीप आरटीए टीम ने हाईवे पर जयपुर की तरफ से आ रही एक प्राइवेट बस नंबर आरजे- 14, पीडी- 7034 को रोका। टीम की तरफ से रुकने का इशारा देखते ही चालक ने बस को दौड़ाने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। हरियाणा रोडवेज की बस की नकल करने और डाक्यूमेंट के अभाव में बस को जब्त कर लिया गया है।
----
यात्रियों को बताते थे हरियाणा रोडवेज की बस
जानकारी के अनुसार बस चालक परिचालक यात्रियों को हरियाणा रोडवेज की बस बताकर बैठाते थे। इससे उनको ज्यादा सवारियां मिलती थीं। बताया गया है कि हरियाणा रोडवेज की बसों में राजस्थान रोडवेज की बसों की तुलना में किराया कम है। इस कारण यात्री अधिकतर हरियाणा रोडवेज की बसों में बैठते हैं। ज्यादा कमाई के लालच में बस संचालक ने प्राइवेट बस को हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर तैयार करवा लिया। जानकारी के अनुसार हाईवे नंबर आठ पर दिल्ली से जयपुर के बीच ज्यादा सवारियों लेने के चक्कर में राजस्थान के प्राइवेट बस संचालक अपनी बसों को हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर तैयार करवा कर हाईवे पर दौड़ाते हैं।
------
नकल कर बचाते थे टैक्स
राजस्थान में पंजीकृत प्राइवेट बसों को हरियाणा में आने पर प्रतिदिन 18 सौ रुपये टैक्स देना पड़ता है। इससे बचने के लिए बस संचालक अपनी बसों को हरियाणा रोडवेज की तर्ज पर तैयार कराते हैं। इसके अलावा ये लोग अधिकतर अपनी बसों को रात के समय निकालते हैं। इससे आरटीए की टीम की आंखों में आसानी से धूल झोंकी जा सके। प्राइवेट बस संचालक अपनी इस रणनीति में कामयाब भी हो रहे हैं।
---
वर्जन
पिछले कई दिनों से इस प्रकार की बसें चलने की शिकायतें मिल रहीं थीं। सोमवार रात को कार्रवाई के दौरान एक बस को जब्त किया गया है। इस पर पचास हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। हरियाणा रोडवेज की नकल कर टैक्स से बचते थे। राजस्थान की बस को हरियाणा में आने टैक्स देना पड़ता है। इससे बचने के लिए नकल करते है। - प्रदीप दहिया, आरटीए सचिव एवं एडीसी रेवाड़ी।