सिटी थाने में एक शख्स ने मोबाइल टावर लगाने के नाम पर उसके साथ करीब तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले में आधा दर्जन लोग नामजद हुए हैं। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने टावर लगाने के लिए इंश्योरेंस और टावर एग्रीमेंट के नाम पर यह रकम ठगी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से महेंद्रगढ़ के बाछौद निवासी अनिल कुमार रेवाड़ी के जाटूवास में किराए पर रहता है। सिटी पुलिस को दर्ज कराई शिकायत में अनिल कुमार ने बताया कि बीते साल 15 जुलाई को उसके पास गौरव शर्मा नाम के एक शख्स का फोन आया और उसने मोबाइल टावर लगाने संबंधित बातें की। अनिल ने अपने घर बाछौद में मोबाइल टावर लगाने के लिए आरोपी गौरव से समझौता कर लिया।
----------
नाईवाली चौक पर लेकर पहुंचा एक लाख
अनिल ने बताया कि टावर लगाने से पहले एक लाख रुपये की इंश्योरेंस पॉलिसी के लिए आरोपी गौरव ने उसे राजी कर लिया। तय समय पर वह एक लाख रुपये लेकर नाईवाली चौक पर पहुंच गया। वहां पहले से मौजूद गौरव शर्मा, रमेश भार्गव, पंकज शर्मा, अभिषेक शर्मा, संजय, दीपक, अशोक ने उससे कुछ देर बात की तथा एक लाख रुपये की नकदी लेकर चले गए।
----------
घर पर फर्जी लेटर भेज और हथियाए 1.80 लाख
कुछ दिनों बाद अनिल के घर पर डाक द्वारा एक लाख रुपये की इंश्योरेंस पॉलिसी व टावर लगाने का फर्जी लेटर आया, लेकिन अनिल को उसके बाद भी भनक नहीं लगी। उसके बाद आरोपियों ने दो बार 40-40 हजार रुपये तथा एक बार एक लाख रुपए की नकदी अपने अकाउंट में डलवा ली, लेकिन मोबाइल टावर नहीं लगा।
---------
मिली शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों को काबू किया जाएगा।
- महीपाल, चौकी इंचार्ज, भाड़ावास गेट चौकी