साइबर क्राइम से जुड़ा एक और बड़ा मामला सामने आया है। इस बार शातिर बदमाशों ने एक रिटायर्ड फौजी को निशाना बनाते हुए खाते से करीब पौने लाख रुपये की नकदी पार कर दी।
ये राशि दिल्ली के कई जगहों से अलग-अलग समय निकाली गई है। सिटी पुलिस ने एक रिटायर्ड फौजी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिले के गांव लुहाना निवासी रिटायर्ड फौजी सूरत सिंह ने सिटी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रेलवे चौक स्थित एसबीआई की शाखा में उसने अकाउंट खुलवाया हुआ है। कुछ दिन पूर्व उसने खाता चेक किया तो नकदी के नाम पर कुछ भी नहीं था। सूरत सिंह मंगलवार को एसबीआई पहुंचा और अधिकारियों से बात की। सूरत ने पुलिस को भी सूचना दे दी। रिटायर्ड फौजी के मुताबिक उसके खाते में 2.80 लाख रुपये थे। जिसे साइबर क्राइम के जरिए साफ किया गया।
-----
शून्य बैलेंस होने पर आया मैसेज
खास बात यह है कि एस मामले में रिटायर्ड फौजी के पास मैसेज तब आया जब उसके खाते में एक भी रूपया नहीं बचा था। पुलिस ने बैंक अधिकारियों से जानकारी ली तो पता चला कि 2.80 लाख रुपये 3 से 8 फरवरी के बीच 40-40 हजार रुपये कर निकाले हैं।
---------
दिल्ली में कई एटीएम बूथ से निकाली गई नकदी
बैंक से मिली जानकारी के अनुसार राशि दिल्ली के पालम, आईएसबीटी, द्वारका, रोहिणी आदि स्थानों पर एटीएम बूथ से निकाली गई है। पुलिस की टीम अब उन एटीएम बूथों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के लिए दिल्ली के लिए रवाना हो गई है। जहां से हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश की जाएगी।
--------
रिटायर्ड फौजी से मिली शिकायत के आधार और बैंक अधिकारियों के बयान और रिकॉर्ड के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। एटीएम बूथों से फुटेज लेने के लिए टीम रवाना हुई है।
-एएसआई मनफूल सिंह, जांचकर्ता, सिटी थाना