रेवाड़ी। गांव लिसाना में गंदे पानी की निकासी को लेकर महिलाओं की शुरू हुई गाली-गलौज के विवाद में दो सगे भाइयों की जान चली गई। हालांकि एक साल पूर्व ग्राम पंचायत की मध्यस्थता के बाद दोनों परिवारों के बीच सुलह करा दी गई थी, लेकिन शनिवार को विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने चाकुओं से पड़ोसी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। सूचना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। उधर, पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव लिसाना में दरियाव और राजेंद्र के बेटों के बीच गंदे पानी की निकासी को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दरियाव के बेटे धर्मबीर और कमल के घर का गंदा पानी राजेंद्र के बेटे के घर के सामने से निकलता था। राजेंद्र के बेटों ने इसका विरोध किया था। इस बात को लेकर महिलाओं के बीच गाली-गलौज होना रोजाना की बात हो गई थी। करीब दो बार इनके बीच झगड़ा भी हुआ था। ग्राम पंचायत की मध्यस्थता के बाद दोनों पक्षों में समझौता करा दिया गया था। इसके बाद भी महिलाओं में कई बार गाली-गलौज हो चुकी थी। शनिवार दोपहर को भी झगड़े की शुरूआत महिलाओं की गाली-गलौज से हुई। आरोप है कि बातों ही बातों में झगड़ा इतना बढ़ गया कि राजेंद्र पक्ष ने लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर दिया। हमले के बाद वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया, वहां 30 वर्षीय धर्मबीर और 26 वर्षीय कमल को मृत घोषित कर दिया। मामले में सत्यवान, हंसराज और आरोपी पक्ष की तरफ से ममता, देवेंद्र और दिनेश घायल हो गए। सभी का ट्रामा सेंटर में उपचार किया जा रहा है।
गुरुग्राम स्थित गांव खेड़ा में दरियाव पक्ष की रिश्तेदारी में शनिवार को सेवानिवृत्ति कार्यक्रम था। इसमें शामिल होने के लिए परिवार के कुछ सदस्य वहां जा चुके थे। मृतक और अन्य लोग भी बाइक पर जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान गंदे पानी की निकासी को लेकर विवाद हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक परिवार के लोग परिवार के साथ ही अपनी रिस्तेदारी में चले गए होते तो संभवतया यह हादसा टल सकता था। आरोपी देवेंद्र आपराधिक किस्म का है। उसके खिलाफ कोसली थाने में लड़की का अपहरण करने व हत्या का मामला दर्ज है। जानकारी के अनुसार वह कुछ माह जेल में रहने के बाद जमानत पर आया था।
तीन साल पूर्व हुई थी शादी
मृतक कमल का विवाह करीब चार साल पूर्व हुआ था। उसकी अभी कोई संतान नहीं थी। उसका बड़ा भाई मृतक धर्मबीर के दो बच्चे हैं। दोनों भाई निजी कंपनी में नौकरी करते थे। मृतक धर्मबीर बावल में एक टावर कंपनी में नौकरी करता था, जबकि कमल बिसालपुर स्थित एक कंपनी में काम करता था। वारदात के बाद से ही गांव सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना के बाद से ही आरोपी पक्ष के लोगों के घरों में ताले लटके हैं। गांव में कोई भी कुछ बोलने को तैयार नहीं है। ग्रामीणों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि घटना के वक्त वे वहां मौजूद ही नहीं थे। शाम को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।
मृतकों के चचेरे भाई हंसराज की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायलों का उपचार कराया जा रहा है। ऐतिहात के तौर पर गांव और ट्रामा सेंटर में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।
- जयसिंह, डीएसपी रेवाड़ी।