रेवाड़ी। जिले में शनिवार को अलग-अलग हादसों में तीन महिला व एक कंपनी कर्मचारी सहित चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार राजस्थान के कोटपुतली थाना क्षेत्र के गांव कुजोता निवासी 30 वर्षीय भूपेंद्र बावल में किराए का मकान लेकर रहता था। वह औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक कंपनी में कार्य करता था। शनिवार रात को वह कंपनी से ड्यूटी करने के बाद साइकिल से कमरे पर लौट रहा था। दिल्ली-जयपुर हाईवे संख्या आठ पर रूध गांव के समीप पीछे से आ रहे एक वाहन ने उसका को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना के बाद कसौला थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
एक अन्य घटना में धारूहेड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे स्थित गांव मालपुरा में हीरो कंपनी के समीप गुरुग्राम जिले के गांव पटौदी निवासी 50 वर्षीय उमेद सिंह को हाईवे पार करते समय एक बाइक सवार ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
वहीं गांव जौनियावास में रविवार दोपहर एक ट्रक की चपेट में आने से गांव निवासी करीब 85 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि रविवार दोपहर गांव जोनियावास में चालक ट्रक को पीछे कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही जौनियावास निवासी मोहरली ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गई। उन्हें यहां के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
इसके अलावा रेवाड़ी-महेंद्रगढ मार्ग पर डहीना के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि जिला महेंद्रगढ के गांव बाघोत निवासी सुनील कुमार एक अन्य युवक रवि कुमार के साथ बाइक पर रेवाड़ी गए थे। लौटते समय डहीना के समीप अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रवि व सुनील गंभीर रूप से घायल हो गया तथा वाहन चालक मौके से फरार हो गया। जांच अधिकारी एएसआइ किशोर कुमार ने बताया कि दोनों घायलों को रेवाड़ी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर रविवार को उपचार के दौरान 16 वर्षीय सुनील की मौत हो गई हैं। रवि की हालत भी गंभीर बनी हुई हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।