अमर उजाला ब्यूरो
बावल। कस्बा के धुलिया चौक स्थित शिव मंदिर के समीप मंगलवार दोपहर को गाली-गलौज कर रहे पलवल में कार्यरत क्षेत्र के एक गांव निवासी पुलिस कर्मी की महिलाओं ने जमकर धुनाई की। महिलाएं पुलिसकर्मी की पिटाई करते थाने ले गई तथा पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया। इसी दौरान पुलिस के गांव के लोग भी थाने पहुंच गए। ग्रामीणों ने आपसी बातचीत के बाद मामले को सुलझा लिया। इस दौरान लोगों ने पुलिसकर्मी की पिटाई का वीडियो बना लिया, जो दिनभर वायरल होता रहा।
जानकारी के अनुसार बावल क्षेत्र के एक गांव निवासी पलवल में तैनात एक पुलिस कर्मी का कस्बा के धूलिया चौक के समीप निवासी एक व्यक्ति से रुपये का लेनदेन था। मंगलवार दोपहर बाद वह उसके घर के सामने खड़ा होकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर गाली-गलौज कर रहा था। इस दौरान लोगों ने उसे समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद वहां मौजूद महिलाओं ने उसे पकड़कर पिटाई करना शुरू कर दिया। महिलाएं पुलिसकर्मी की पिटाई करते हुए थाने ले गई तथा पुलिसकर्मियों के हवाले कर दिया। पिटाई की सूचना के बाद पुलिसकर्मी के गांव के लोग भी वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। इस दौरान लोगों ने पुलिसकर्मी की पिटाई का वीडियो बना लिया, जो दिनभर वायरल होता रहा। बताया गया है कि पुलिस कर्मी पलवल स्थित पुलिस लाइन में तैनात है जो पिछले कई दिनों से गैरहाजिर चल रहा है।