अमर उजाला ब्यूरो
धारूहेड़ा। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ पर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के समीप मंगलवार की रात को बाइक सवार तीन बदमाश पैदल जा रहे ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी का बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में लैपटॉप, मोबाइल सहित अन्य दस्तावेज थे। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर छह पुलिस चौकी ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जिला रोहतक के महम निवासी ललित कुमार ने बताया कि वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है और सेक्टर छह हाउसिंग बोर्ड में किराए के मकान में रहता है। मंगलवार की रात को कार्यालय से कार्य निपटाने के बाद पैदल हाईवे के सर्विस रोड से अपने कमरे पर जा रहा था जब वह हाउसिंग बोर्ड के समीप पहुंचा तो एक बाइक पर सवार होकर तीन बदमाशों ने अचानक उनके पास आकर बाइक रोकी और इससे पहले वे कुछ समझ पाते बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए।