जमीनी विवाद : युवक पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी। बावल क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर में जमीन को लेकर हुए खूनी संघर्ष के दौरान दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति पर गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी जीत सिंह उर्फ जीतू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि 18 मार्च को बावल थाना क्षेत्र के गांव खुर्रमपुर में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से एक दूसरे पक्ष पर लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसी दौरान जीत सिंह ने गोली चला दी, जो गोली भीम सिंह को जा लगी। गोली लगते ही भीम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने हमले में घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।
एएसआई ने बताया कि वारदात में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी को रविवार को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जहां से उसको रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त की गई देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।