चिटफंड कंपनी के निदेशक सहित 10 पर मामला दर्ज
रेवाड़ी। शहर के ब्रास मार्केट में आठ साल पहले आई चिटफंड कंपनी द्वारा पांच साल में राशि दोगुना करने का झांसा देकर निवेशकों के वापिस नहीं लौटाने पर मॉडल टाउन पुलिस ने कंपनी के निदेशक सहित 10 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
उल्लेखनीय है कि धोखाधड़ी के शिकार हुए लोगों ने शनिवार को सेक्टर तीन पुलिस चौकी में जमकर हंगामा किया था जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
कंपनी ने अपने एजेंट एवं सीधे तौर पर लगभग 1600 से लोगों से सात करोड़ रुपये से भी अधिक की राशि यह कहकर जमा की थी जिस उनकी राशि को पांच में दोगुना कर दिया जाएगा। इस लालच में आकर काफी संख्या में लोगों ने इसमें निवेश किया था। जिन उपभोक्ताओं का पांच साल पूरा हो गया तो वे कंपनी के कार्यालय के चक्कर लगाने लगे। इसके बाद लोगों को जल्द भुगतान का आश्वासन दिया गया लेकिन बाद में कंपनी के अधिकारी दफ्तर को ही बंद कर दिया गया। इसके बाद पीड़ित पुलिस अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ितों ने चिटफंड कंपनी के निदेशक एवं अन्य लोगों के खिलाफ शनिवार को सेक्टर तीन स्थित पुलिस चौकी में शिकायत दी। लेकिन पुलिस ने उनकी सुनवाई नहीं की तो जमकर हंगामा किया। लोगों का गुस्सा बढ़ने के बाद कंपनी के एमडी पहुंचे तो गुस्साए लोगों ने उनके साथ भी हाथापाई तक कर डाली। बाद में मामला बढ़ने पर पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। शिकायत के बाद पुलिस ने कंपनी के एमडी इंद्र सिंह, पत्नी सुशीला एवं भाई अग्निवेश सहित कुल दस लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।