ढाबे पर ग्राहक को लेकर हुए झगड़े में चलाई थी गोली
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-8 स्थित मालपुरा गांव में एक ढाबे पर गोली चलाने का विवाद ग्राहक को लेकर था। पुलिस के अनुसार गांव मालपुरा में आरोपी और पीड़ित पक्ष दोनों के ही ढाबे पास पास हैं। ग्राहक को लेकर हुई कहासुनी में सरंपच के भतीजे एवं ट्रांसपोर्टर धर्मबीर के कंधे में गोली लग गई थी। धर्मबीर गुरुग्राम में एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। आरोप गांव के एक युवक संदीप और अन्य छह लोगों पर है, लेकिन पुलिस प्राथमिक जांच में मामला ढाबे पर ग्राहक को लेकर झगड़े से जुड़ा हुआ पाया गया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्ष में पहले भी रंजिश के मामले सामने आ चुके हैं।
---
पास-पास में चलाते हैं दोनों पक्ष ढाबा
धारूहेड़ा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। धर्मबीर और सचिन का पास-पास में ही ढाबा है। रविवार को ग्राहक को होटल पर बुलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। बाद में मामला इतना बढ़ गया कि गोली तक चला दी गई। उन्होंने बताया कि बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।