ट्रॉले को बचाने के प्रयास में स्कूल बस क्षतिग्रस्त
अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। कोसली-नाहड़ रोड पर शनिवार सुबह पहले से दुर्घटनाग्रस्त खड़े ट्राले को बचाने के प्रयास में झज्जर के एक निजी स्कूल की बस ने असंतुलित होकर बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार घायल हो गया। वहीं दुर्घटना के समय बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि किसी बच्चे को चोट नहीं आई और उन्हें दूसरी बस से स्कूल पहुंचाया गया। वहीं बाइक सवार घायल को उपचार के लिए कोसली के सामान्य अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने हादसे के बाद बस को कब्जे में ले लिया है।
सालावास स्थित एचडी स्कूल की बस शनिवार को छुट्टी के बावजूद बच्चों को लेकर जा रही थी। कोसली-नाहड़ रोड पर यादव समारोह स्थल के समीप दुर्घटनाग्रस्त ट्रॉले से बचने के प्रयास में चालक बस से अपना संतुलन खो बैठा और एक बाइक को टक्कर मार दी। इससे स्कूल बस का भी अगला शीशा भी टूट गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। लोगों ने घटना की सूचना नाहड़ पुलिस चौकी को दी। घायल युवक बिसोहा निवासी प्रवीन कुमार को उपचार के लिए कोसली अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से परिजन उसे रेवाड़ी के निजी अस्पताल ले गए। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही लोग एकत्रित हो गए। इसके बाद कोसली थाने से पुलिस बल बुलाना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक कोई शिकायत नहीं मिलने पर मामला दर्ज नहीं किया गया। हालांकि पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
---
बस थोड़ी बहुत टच हो गई थी। आपसी राजनीमा हो गया है। मामले को अधिक तूल देने की जरूरत नहीं है।
रमेश गुलिया, प्रबंधक, एचडी स्कूल
---
कोसली- नाहड़ के बीच में दुर्घटना घटी है। बस झज्जर जिले के स्कूल की है। यह मेरे कार्यक्षेत्र में नहीं है। हमने राजपत्रित अवकाश के दिन निजी स्कूल खुले नहीं रखने के सख्त आदेश दे रखे हैं। इसके बाद भी अगर कोई स्कूल खुला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
जवान सिंह मेहरा, खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी