रेवाड़ी। ग्रामीणों के विरोध के कारण गांव नैनसुखपुरा-सिहास में बाबा भैया के मंदिर में विशेष जाति के परिवार ने रविवार को पुलिस की मौजूदगी में पूजा अर्चना की। यही नहीं विरोध पर अड़े ग्रामीणों ने मंदिर में भंडारा नहीं होने दिया। जाति विशेष का भंडारे के लिए तैयार सामान भी बिखेर दिया। जिससे हंगामा हो गया और परिवार को जाटूसाना स्थित गोशाला में भंडारा कराना पड़ा। जिससे गांव में तनाव की स्थिति बन गई। इसे देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
गांव नैनसुखपुरा में जाति विशेष के विजयपाल की बेटी लंबेे समय से बीमार चल रही थी। उसने बेटी के जल्द स्वस्थ होने पर गांव में स्थित बाबा भैया के मंदिर में भंडारा करने की मन्नत मांगी। बताया गया है कि उसकी बेटी ठीक हो गई, इसलिए वह बाबा भैया के मंदिर में भंडारा करना चाहता था। विजयपाल ने करीब चार दिन गांव पंचायत कर मंदिर में भंडारा करने की बात रखी। इस पर ग्रामीणों ने सहमति दे दी। गांव के कुछ लोगों ने इसका विरोध किया तथा अजा समुदाय के लोग मंदिर में पूजा अर्चना नहीं करने की धमकी दी। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
रविवार को जाति विशेष परिवार ने मंदिर में भंडारे की तैयारियां शुरू कर दी, लेकिन गांव के कुछ दबंगों ने मंदिर में भंडारा करने का विरोध किया। कुछ लोगों ने भंडारा का सामान भी बिखेर दिया। इस दौरान वहां तनाव पूर्ण माहौल हो गया। हालांकि गांव में पुलिस बल भी मौजूद था। ग्रामीणों के विरोध के बाद जाति विशेष समुदाय के लोगों ने जाटूसाना स्थित गौशाला में भंडारा करने का निर्णय लिया। हालांकि बाद पुलिस की मौजूदगी में जाति विशेष समुदाय की महिलाओं को मंदिर में पूजा अर्चना की। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
हर माह की चतुथर्दशी को होता है भंडारा
गांव में हर माह की चतुथर्दशी को भंडारा होता है। किसी भी ग्रामीण की मन्नत पूरी होने पर बाबा भैया के मंदिर में भंडारा किया जाता है। अजा समुदाय द्वारा पहली बार ऐसा किया जा रहा है। गांव में बाबा भैया का काफी मान्यता है।
तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में सुबह ही पुलिस बल को तैनात कर दिया गया था। गांव माहौल शांति पूर्ण है। कुछ लोगों ने विरोध किया, लेकिन उन्हें समझा दिया गया था। भंडारा करने वालों ने अपनी मर्जी से ही गोशाला में भंडारा कराया।
एसआई राजकरण, एसएचओ जाटूूसाना
गांव में पुलिस तैैनात है। पूजा अर्चना के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा कर दिया था। इसके बाद भंडारा का सामान गोशाला भेज दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में जाति विशेष के लोगों ने मंदिर में पूजा अर्चना की।
- स्वरूप सिंह, सरपंच