बावल। बावल के खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के कार्यालय में मंगलवार दोपहर को ब्लॉक समिति सदस्यों की बैठक के दौरान कुछ युवकों ने पंचायत समिति के चेयरमैन बिरेंद्र छिल्लर पर लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। इसमें वह गंभीर घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल चेयरमैन का कस्बे के अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर को बावल के बीडीपीओ कार्यालय में पंचायत समिति सदस्यों की बैठक हो रही थी। करीब डेढ़ बजे बैठक का समापन होने के बाद कार्यालय में ही सदस्यों के साथ चेयरमैन बिरेंद्र छिल्लर कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। इसी दौरान शहर के ही करीब चार युवक लाठी-डंडों के साथ कार्यालय में घुसे। आते ही चेयरमैन पर हमला दिया। हमले में चेयरमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। अचानक इस हमले से वहां मौजूद सभी लोग घबरा गए। हमले की सूचना के बाद बीडीपीओ और कार्यालय के अन्य कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर बीच बचाव कराया। हमले के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। इसी दौरान पुलिस को भी सूचना दी गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। घायल चेयरमैन को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया गया है, जहां से उसे अन्यत्र रेफर कर दिया गया।