अमर उजाला ब्यूरो
कोसली। कोसली के एसबीआई के समीप ऑटो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार एक अधिवक्ता की मौत हो गई, जबकि ऑटो में बैठे दो युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कोसली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है। कोसली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि झज्जर के गांव गोरिया निवासी जसवंत सिंह बाइक से सोमवार शाम साढ़े 7 बजे कोसली से अपने गांव की जा तरफ जा रहे थे। जब जसवंत सिंह कोसली के स्टेट बैंक के समीप पहुंचे तो सामने से आ रहे एक ऑटो से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार अधिवक्ता जसवंत सिंह और ऑटो सवार कोसली निवासी अशोक कुमार और प्रदीप कुमार घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने तीनों का प्राथमिक उपचार किया। वहीं अधिवक्ता की हालत गंभीर होने पर उनको रेवाड़ी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। यहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।