रेवाड़ी। एसपी की स्पेशल टीम ने बुधवार दोपहर को गांव करनावास स्थित तेल डिपो के समीप टैंकरों से तेल चोरी करते एक आरोपी को काबू किया है। आरोपी के पास से करीब 100 लीटर डीजल बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में रोहड़ाई निवासी चालक सतबीर सिंह को गिरफ्तार किया है। जहां पर टैंकर खड़ा किया गया था उस प्लॉट मालिक के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
एसपी की स्पेशल टीम को बुधवार को सूचना मिली थी कि गांव करनावास स्थित तेल डिपो से निकलने वाले टैंकरों के चालकों द्वारा तेल चोरी की जाती है। टैंकर चालकों की मिलीभगत से एक गिरोह के जरिए तेल चोरी होता है। इसके बाद उसे राजस्थान भेज दिया जाता है। एसपी ने स्पेशल टीम का गठन कर गांव गुजरीवास कट के निकट स्थित एक प्लाट पर दबिश दी और गांव रोहडाई निवासी टैंकर चालक सतबीर को मौके पर ही काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपी से 100 लीटर तेल भी बरामद किया है। पुलिस ने मौके से तेल से भरा एक टैंकर भी पकड़ा है, जिससे आरोपी द्वारा तेल निकाला जा रहा था। तेल का टैंकर करनावास डिपो से साबन मोड़ स्थित एक पेट्रोल पंप पर जाना था, लेकिन चालक ने प्लाट में ले जाकर खड़ा कर दिया। पुलिस ने प्लाट मालिक भिवाड़ी निवासी जसवंत के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
----
दो माह में पांचवीं बड़ी कार्रवाई
तेल चोरी का काम करने वालों पर शिकंजा कसकर पुलिस द्वारा एक माह के दौरान यह पांचवीं बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार 21 जून को धारूहेड़ा के नंदरामपुर बास रोड पर कार्रवाई की शुरूआत की गई थी। उसके बाद 28 जून को लालपुर नहर के पास पिकअप से चोरी का डीजल पकड़ा गया था। उसके बाद एसपी की स्पेशल स्टाफ टीम ने एनएच-71 पर टैंकर से तेल चोरी कर तीन आरोपियों को रंगे हाथों काबू किया था।
--------
जिले में किसी तरह के गैर कानूनी धंधे को पनपने नहीं दिया जाएगा। आम लोगों को सुरक्षा देना और अपराधियों व अवैध धंधों में शामिल लोगों पर शिकंजा कसना पुलिस की प्राथमिकता है। - राजेश दुग्गल, पुलिस अधीक्षक