पशु चोरी के मामले में आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। पशु चोरी के मामले में बावल थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पानीपत जिला निवासी मेहरवान उर्फ महारबन भाटिया के रूप में हुई है।
आरोपी चोरी के किसी अन्य मामले में नारनौल जेल में बंद था। बुधवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। जांचकर्ता प्रधान सिपाही महीपाल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व आरोपी को खोल थाना पुलिस ने पिकअप चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस द्वारा पूछताछ पर आरोपी ने 4 दिसंबर 2017 को गांव बनीपुर निवासी जगदीश के घर से दो भैंस और एक कटिया तथा उसके पड़ोसी के घर से एक भैंस चोरी करने की वारदात का खुलासा किया था। रिमांड के दौरान चोरी की गई भैंस व कटिया के बारे में गहनता से पूछताछ की जाएगी।