ई-वे बिल में फर्जीवाड़ा कर टैक्स चोरी करने का आरोपी रिमांड पर
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। जिले में फर्जी फर्मों के जरिये टैक्स चोरी का फर्जीवाड़ा बढ़ता जा रहा है। आबकारी कराधान विभाग की जांच में अब शहर के मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी एक व्यवसायी का फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसमें ई-वेबिल में गड़बड़ी करके 3 करोड़ 88 लाख रुपये की टैक्स चोरी की है। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी व्यापारी अनिल गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया। यहां से आरोपी व्यापारी को दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मोहल्ला कायस्थवाड़ा निवासी अनिल गुप्ता का सिगरेट खरीदने व बेचने का व्यवसाय है। हरियाणा के अतिरिक्त दिल्ली व अन्य शहरों में सामान सप्लाई होती है। व्यापारी ने फर्जीवाड़ा कर माल सप्लाई करते समय ई-वे बिल में ट्रक की जगह मोटरसाइकिल, टेंपो और अन्य वाहनों के नंबर दर्शाए हैं। माल सप्लाई में आरोपी ने करीब तीन करोड़ 88 लाख रुपये की गड़बड़ी की है। जांच के बाद फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद जीएसटी के सहायक आयुक्त की ओर से माडल टाउन थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसे रिमांड पर लिया है।