बैग में मिला आठ साल के बच्चे का शव
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। धारूहेड़ा के मालपुरा में सोमवार देर शाम बंद मकान में एक बैग से आठ साल के एक बच्चे का शव मिला है। बच्चा रविवार शाम से लापता था। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में मालपुरा गांव निवासी सतीश ने मामला दर्ज कराया कि उसका परिवार लंबे समय से यही पर मकान बनाकर रह रहा है। रविवार सुबह उसका भतीजा प्रिंस (8) मंदिर के समीप खेलने गया था। वह वापस नहीं लौटा। इसके बाद धारूहेड़ा पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दी थी।
---
ऐसे हुआ खुलासा
एएसआई वीरेंद्र ने बताया कि पिछले दो माह से आरोपी भरतपुर निवासी दिगंबर (19) भी यहीं रहता था। वह बच्चों के साथ खेलता था। कई बार लोग उसे बच्चों के साथ खेलने पर टोकते थे। इस पर वह बच्चों के साथ खेलना अच्छा लगने की बात कहता था। वह बच्चों को टॉफी एवं चॉकलेट भी खिलाता था। प्रिंस के लापता होने पर पुलिस ने शक के आधार पर दिगंबर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस पर दिगंबर ने उक्त मकान में प्रिंस का शव होने की बात कही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बैग से प्रिंस का शव बरामद कर लिया। बच्चे के गले में रस्सी भी थी, जिससे लगता है कि रस्सी से उसका गला घोटकर हत्या की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस कई एंगलों से मामले की जांच में जुट गई है।