केबिनेट मंत्री पर जमीन पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष चांदनी चांदना ने अपनी ही सरकार के एक केबिनेट मंत्री एवं उनके कथित निजी प्रवक्ता पर जमीन पर कब्जा करने के प्रयास के आरोप लगाए हैं। चांदना ने आरोप लगाया कि इस जमीन पर उन्होंने 2300 वर्ग गज की रजिस्ट्री कराई हुई है। नगर परिषद से नक्शा भी पास है। इसके बावजूद मंत्री के निजी लोग जमीन कब्जाने की नीयत से आए दिन उन्हें परेशान कर रहे हैं। हालांकि इसे लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से लेकर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को भी शिकायत की, लेकिन राजनीतिक हस्तक्षेप के चलते अभी तक इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। इस दौरान सुरेश सैनी प्रधान नया बाजार मार्केट एसोसिएशन, सुरेखा धींगड़ा मंडल अध्यक्ष भाजपा रेवाड़ी, सरोज सिक्का जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा, रजनी भारद्वाज मंडल उपाध्यक्ष इत्यादि उपस्थित थी।