प्रिंसिपल पर शिक्षिका को थप्पड़ मारने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। रेवाड़ी-पटौदी रोड स्थित महिला आइटीआई की शिक्षिका ने प्राचार्या पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाते हुए महिला थाना पुलिस में शिकायत दी है। वहीं दूसरी ओर प्राचार्या का कहना है कि शिक्षिका अपने खिलाफ हो रही जांच से बचने के लिए इस तरह के झूठे व बेबुनियाद आरोप लगा रही है।
शिकायत में आईटीआई की महिला शिक्षिका ने कहा है कि 18 सितंबर को प्राचार्या ने हाजिरी रजिस्टर लेकर बुलाया था। बिना अनुमति के रजिस्टर खोलने पर प्राचार्य ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी, परंतु अभी तक पुलिस ने मामले में कोई भी कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने पुलिस पर समझौते के लिए दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है। दूसरी ओर प्राचार्या गीता कुमारी ने बताया कि फरवरी में परीक्षा की प्रैक्टिकल के दौरान इंस्ट्रक्टर ने छात्राओं को नए सामान की बजाय ब्यूटिशियन का एक्सपायरी डेट का सामान सौंप दिया। एक्सपायरी डेट का सामान चेहरे पर प्रयोग करने से कई छात्राओं ने एलर्जी की शिकायत दी। उस समय परीक्षक भी यहीं पर थी। उधर, डीएसपी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि मामले में शिकायत आई है। अभी इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही कार्रवाई है।