अमर उजाला ब्यूरो
खोल। रेवाड़ी से महेन्द्रगढ़ रोड पर सीहा व बुड़ौली गांव के बीच दोपहर को कैंटर व कार की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार गांव लूखी निवासी 42 वर्षीय कमलकांत अपने साथी गांव लाधुवास निवासी सतीश कुमार के साथ कार में सवार होकर कनीना से रेवाड़ी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गांव सीहा व बुड़ौली के बीच सामने से आ रहे तेज रफ्तार तेल से भरे कैंटर ने कार को टक्कर मार दी। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने कमलकांत को मृत घोषित कर दिया। जांचकर्ता एएसआई किशोर कुमार ने बताया पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया है तथा कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।