बहरोड़ नपा पार्षद को गोली मारने वाले शूटर चिंटू की पुलिस हिरासत में मौत
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। अलवर की बहरोड़ नगर पालिका उपप्रधान की 25 जून को एक विवाह समारोह में गोली मारकर की गई हत्या की वारदात में शामिल गांव नांगलिया रणमौख निवासी चिंटू उर्फ जयप्रकाश की मंगलवार रात को भिवाड़ी पुलिस की हिरासत में मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि चिंटू पुलिस हिरासत से भागकर पहाड़ पर चढ़ गया था। वहां से गिरने के बाद उसकी मौत हो गई। चिंटू की मौत की खबर परिजनों को भी दोपहर बाद खबर मिली। इसके बाद सभी लोग अलवर के लिए रवाना हो गए। फिलहाल परिजनों ने किसी भी तरह का आरोप नहीं लगाया है।
बालधन कलां के राकेश ने ली सुपारी, चिंटू व कमल से कराई हत्या
राजस्थान अलवर की बहरोड़ नगर पालिका के उपप्रधान राकेश शर्मा की विवाह समारोह के दौरान हत्या कर दी गई थी। गुरुग्राम के एक अस्पताल में दो दिन उपचार के बाद उनकी मौत हो गई थी। अलवर पुलिस अधीक्षक ने इस मामले की जांच भिवाड़ी के डीएसपी सिद्धांत शर्मा को सौंपी थी। भिवाड़ी पुलिस ने इस मामले में कड़ियां जोड़कर मंगलवार की रात को नांगलिया रणमौख निवासी चिंटू और इसी गांव के कमल यादव को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि चिंटू और कमल ने जिले के गांव बालधन कलां निवासी राकेश यादव के इशारे पर दो लाख रुपये की सुपारी लेकर पार्षद राकेश शर्मा को विवाह समारोह में गोली मार दी थी। बालधन कलां का राकेश यादव गांव में हुई एक हत्या के मामले में गुरुग्राम की भौंडसी जेल में बंद है। जेल में उसकी मुलाकात बहरोड़ के कुख्यात अपराधी अशोक ठाकरिया से हुई। अशोक ठाकरिया भी बहरोड़ के पार्षद त्रिलोक की हत्या में सजायाफ्ता है। गुरुग्राम में एक मामले में उसको भौंडसी जेल भेजा गया था। जेल में राकेश यादव की उससे मुलाकात हुई। अशोक ने राकेश को दो लाख रुपये की सुपारी उपप्रधान को मारने के लिए दी।
पैरोल पर बाहर आकर बनाई प्लानिंग
जेल में अशोक ठाकरिया से मुलाकात होने के बाद बालधन कलां का राकेश छह जून को पैरोल पर बाहर आ गया था। उसने पालिका उपप्रधान राकेश शर्मा की हत्या के लिए गांव नांगलिया रणमौख निवासी शूटर चिंटू और कमल को हायर किया। चिंटू और कमल को बाइक व दो लाख रुपये बहरोड़ थाने के पीछे रहने वाले सोनू नामक शख्स ने उपलब्ध कराए थे।
-----
सोनू ने कहा जिसे हाथ मिलाऊं उसको गोली मारना
बदमाशों को बाइक और सुपारी की राशि देने वाले शख्स सोनू ने शूटर चिंटू व कमल को बताया कि विवाह समारोह में वह जिस व्यक्ति से हाथ मिलाएगा वही पार्षद होगा। उसे ही मौत के घाट उतारना है। 25 जून की रात का आयोजित एक विवाह समारोह में सोनू नामक शख्स ने पार्षद से हाथ मिलाया। इसके कुछ देर बाद ही शूटरों ने पार्षद को सिर और पेट में नजदीक से गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश वहां से फरार हो गए।
-----
पार्षद दे रहा था हत्या की गवाह महिला को सुरक्षा
बहरोड़ निवासी अशोक ठाकरिया ने वर्ष चार साल पहले बहरोड़ के नगर पालिका पार्षद त्रिलोक की हत्या कर की थी। इसमें उसकी मां मुख्य गवाह है। उपप्रधान राकेश शर्मा त्रिलोक की मां को सुरक्षा दे रहा था। इस कारण उसकी मां अपने बयानों से मुकर नहीं रही थी। इससे अशोक ठाकरिया परेशान था। अशोक ने उपप्रधान राकेश शर्मा को रास्ते से हटवाने के लिए सुपारी दी। वह चाहता था कि उपप्रधान राकेश शर्मा के मरने के बाद त्रिलोक की मां को रास्ते से हटा देगा।
------------------
वर्जन
उपप्रधान राकेश शर्मा हत्याकांड में तीन लोगों को मंगलवार रात को गिरफ्तार किया था। आरोपी चिंटू से झिवाणा पुलिस चौकी में पूछताछ की जा रही थी तभी वह भाग निकला तथा पहाड़ पर चढ़ गया। इसके बाद वह पहाड़ से गिर गया जिससे उसकी मौत हो गई। इसके अलावा बालधन निवासी राकेश यादव, नांगलिया रणमौख के ही कमल को गिरफ्तार किया हुआ है। दो लाख रुपये की सुपारी लेकर उपप्रधान की हत्या की गई थी। मृतक राकेश पार्षद त्रिलोक की हत्या की गवाह उसकी मां को सुरक्षा दे रहा था, जिससे हत्या आरोपी अशोक परेशान था, इसलिए अशोक ने राकेश यादव को दो लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई है। - राहुल प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अलवर।