धारूहेड़ा क्षेत्र के मसानी गांव स्थित बस अड्डे के पास स्थित एक दुकान पर 11केवी बिजली की लाइन टूटकर गिरने से हजारों का माल स्वाहा हो गया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार बालियर कलां गांव निवासी इंद्रजीत शर्मा और पत्नी बबली देवी की मसानी बस अड्डे के पास सब्जी और मसालों की दुकान है। परिवार में पति-पत्नी के अलावा छह और सदस्य भी हैं।
बताया गया कि देर रात 11केवी की हाइटेंशन लाइन टूटकर दुकान पर गिर गई। कुछ ही देर में दुकान में आग लग गई और दुकान को चपेट में ले लिया। सूचना पर फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ही दुकान में रखा सारा सामान स्वाहा हो गया था। इधर मामले की जानकारी होने पर इंद्रजीत और बबली मौके पर पहुंचे।
इंद्रजीत ने बताया कि दुकान में सब्जी और अन्य सामान के अलावा उधार की कॉपी भी रखी हुई थी। कॉपी में अब तक लिए गए उधार का ब्यौरा था। दुकानदार के अनुसार कॉपी में हजारों का उधार भी रखा हुआ था।