अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी। शहर के हुडा बाइपास पर कार सवार होकर आए तीन युवकों ने एक पशु व्यापारी से भारतीय मुद्रा देखने के बहाने छह हजार रुपये छीन लिए। कार सवार युवकों ने अपने आप को विदेशी बताते हुए पशु व्यापारी को पहले भारतीय मुद्रा बदलवाने के बहाने रोका और उसके बाद छह हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नैनसुखपुरा निवासी दीपक पशु व्यापारी है। शुक्रवार देर शाम को वह पिकअप में पशु लेकर आ रहा था। हुडा बाइपास पर रामगढ़ चौक के समीप उसने अपनी गाड़ी को रोक दिया। इसी दौरान कार में सवार होकर तीन युवक आए और दीपक को बताया कि वे विदेश से आए है उनके पास डॉलर है जबकि उन्हें भारतीय मुद्रा की जरूरत है। दीपक के मना करने पर तीनों युवकों ने कहा कि उन्होंने भारत की मुद्रा नहीं देखी है, इसलिए वे भारत के रुपये देखना चाहते है। जैसे ही दीपक ने अपनी जेब से छह हजार रुपये निकालकर युवकों के हाथ में दिए। रुपये लेने के बाद तीनों बदमाश रुपये लेकर कार में सवार होकर फरार हो गए। दीपक द्वारा शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जाम हो गई। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दीपक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि करीब डेढ़ माह पूर्व भी नांगलमूंदी बस स्टॉप पर भी स्वयं को विदेशी युवक बताकर दो युवकों व एक युवती ने एक दुकानदार से डालर के नाम पर करीब 10 हजार रुपये की चपत लगा दी गई थी।