दो युवकों पर चाकू से हमला करने वाले चार काबू
अमर उजाला ब्यूरो
रेवाड़ी।
सिटी थाना क्षेत्र के मोहल्ला गुर्जरवाड़ा में चार दिन पहले जागरण से घर लौट रहे दो युवकों को चाकू मारकर घायल करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अभी कुछ और युवकों की पुलिस को तलाश है।
पुलिस प्रवक्ता दीनदयाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी न्यू आदर्श नगर निवासी राजेश, बास सिताबराय निवासी हरकेश, नवीन और बड़ा तालाब निवासी संजय के रूप में हुई है। मोहल्ला बड़ा तालाब निवासी दिनेश कुमार ने पुलिस को बताया कि पांच जुलाई की देर रात उसी के मोहल्ले के राहुल के साथ कुतुबपुर से लौट रहा था। मोहल्ला गुर्जरवाड़ा में नवीन, हरकेश, राजेश, संजय, राजन, मुरली व दो-तीन युवकों ने दोनों को रोककर उसकी जेब में रखे करीब 12 सौ रुपये निकाल लिए। विरोध किया तो चाकू से हमला कर दिया। राहुल पर भी हमला कर उससे मारपीट की। दोनों घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने दिनेश की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।