बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक कंपनी से हजारों रुपये की कॉपर प्लेट व स्क्रैप चोरी करने के मामले में कसौला थाना पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान यूपी के जिला हापुड निवासी ग्यासुदीन उर्फ रियाशुदीन के रूप में हुई है। चोरी की उक्त वारदात में शामिल दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार का चुकी है। दोनों आरोपियों को अदालत से एक दिन के रिमांड पर लेकर चोरी किया हुआ सामान बरामद किया जा चुका है। रिमांड के दौरान ही आरोपियों ने उक्त आरोपी के बारे में जानकारी दी थी उसी आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी अनुसार सेक्टर तीन हाउसिंग बोर्ड निवासी मनवीर सिंह लांबा ने अपनी शिकायत में कहा है कि उन्होंने बावल के औद्योगिक सेक्टर-तीन में जेएम इंटरप्राइजेज के नाम से कॉपर प्लांट लगाया हुआ है। प्लांट से कई दिनों से कॉपर की प्लेट व स्क्रैप चोरी हो रहा था। कॉपर गायब मिलने पर उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो प्लांट में काम करने वाले विशाल व गुड्डू चोरी करते हुए दिखाई दिए। दोनों कई दिनों से चोरी कर रहे थे तथा कॉपर का करीब 86 किलोग्राम सामान चोरी कर चुके थे। कसौला थाना पुलिस ने मनवीर सिंह लांबा की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज किया था।