संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में गर्मी के साथ बिजली की खपत भी बढ़ने लगी है। जिस कारण बिजली निगम के पसीने छूटने लगे हैं। ऐसे में निगम ने गर्मी में बिजली कटों से छुटकारा पाने के लिए टीम बनाकर योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों की टीम गठित की जाएगी, जो बिजली सप्लाई का निरीक्षण करेंगे। यह टीम प्रति सप्ताह की रिपोर्ट निदेशालय को भेजेगी।
फिलहाल जिले में हर रोज बिजली की खपत 55 लाख यूनिट से बढ़कर 60 लाख तक पहुंच गई है, जिसके लिए बिजली निगम अलर्ट है। गर्मी बढ़ने के साथ घरों में कूलर और पंखे चलने लगे हैं। ऐसे में बिजली कट भी बढ़ने लगे हैं। पहले जिले में प्रतिदिन 55 लाख यूनिट बिजली की खपत होती थी जो अब बढ़कर 60 लाख तक पहुंच गई है। आने वाले कुछ दिनों में यह आंकड़ा 90 लाख तक पहुंच सकता है। ऐसे में निगम ने मीटिंग कर योजना बनाने और टीम गठित करने का फैसला लिया है।
गांवों में जाकर लोगों से बात करेंगे अधिकारी
निगम के अधिकारियों ने बताया कि बिजली निगम की टीम को सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर लीड करेंगे। जिसमें निगम के उच्च स्तर के अधिकारी, एसडीओ, एक्सईएन, खंड स्तरीय अधिकारी व जेई शामिल होंगे, जो बिजली सप्लाई का निरीक्षण करेंगे और प्रति सप्ताह निदेशालय को रिपोर्ट भेजेंगे। टीम गांवों में जाकर ग्रामीणों से बातचीत करेगी और लोगों की बिजली कट और कटौती संबंधी समस्या के बारे में जानकर उसका हल निकालने का प्रयास करेगी।
गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली निगम अलर्ट है। बिजली कटौती व कट जैसी समस्याओं को लेकर टीम गठित की जाएगी, जिसके लिए निदेशालय से निर्देश आए हैं। यह टीम बिजली सप्लाई का निरीक्षण कर प्रत्येक सप्ताह निदेशालय को रिपोर्ट भेजेगी।
- मनोज यादव, एसई निगम रेवाड़ी।