रेवाड़ी। जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। वहीं कोरोना मरीजों की मौत का सिलसिला भी थम नहीं रहा है। जिले में शुक्रवार को 294 नए कोरोना वायरस के मामले आए हैं। वहीं छह कोरोना मरीजों की मौत हो गई।
सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि जिले में कोरोना वायरस की चेन तोड़ने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को 249 नए कोरोना केस मिले हैं। वहीं कोरोना संक्रमण से 190 मरीज ठीक हुए हैं। जबकि छह मरीजों की उपचार के दौरान मौत हो गई। सीएमओ ने बताया कि जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान आरटी-पीसीआर व रैपिड एंटीजन के कुल 1574 टेस्ट हुए हैं। जिले में कोविड संक्रमण के कुल 1290 मामले सक्रिय हैं। इनमें से 932 नागरिक होम आइसोलेट किए हुए हैं।
2344 को वैक्सीन लगाई
कोरोना की दूसरी लहर में टीकाकरण का कार्य तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को जिले में 2344 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 2321 को पहला और 23 को दूसरा डोज दिया गया। अभी तक 195962 लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। वहीं नाहड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के तहत आने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुडियानी और सीएससी नाहड में शुक्रवार को 185 नागरिकों का कोरोना से बचाव को टीकाकरण किया गया। सीएससी नाहड के एसएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कि कोरोना वायरस एक वैश्विक महामारी है। इससे घबराने की नहीं बल्कि इसके प्रति सावधानी रहकर मुकाबला करने की जरूरत है। शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाहड में 18 वर्ष से 44 आयु वर्ग के 86 नागरिकों को वैक्सीन दी गई। उन्होंने कहा कि 18 से 44 आयु वर्ग के लोग टीकाकरण के समय रजिस्ट्रेशन और आधार कार्ड अस्पताल में ले जाना अनिवार्य है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुडियानी में 45 आयु वर्ग से ऊपर के 99 नागरिकों का टीकाकरण किया गया।