जिले में कोरोना संक्रमित मिलने के साथ इससे ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। बुधवार को 11 लोगों की कोरोना संक्रमण से जान गई, वहीं 7 विद्यार्थियों सहित 155 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही 185 मरीजों ने कोरोना का मात दी है।
सीएमओ डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभी तक 228683 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। जिसमें से 212614 लोग निगेटिव और शेष 16069 लोग संक्रमित पाए गए। जिसमें से 14356 नागरिक कोरोना को हरा चुके हैं। वहीं 3250 रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बुधवार को 11 लोगों की कोरोना से मौत हुई है। अब तक जिला में 176 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। आज 155 नागरिक संक्रमित मिले हैं। जिसमें 7 विद्यार्थी भी शामिल हैं। पिछले 24 घंटे में विभाग द्वारा 1453 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। अब जिले में 1537 लोग कोरोना से एक्टिव हैं। जिसमें से 1124 लोगों को होम क्वारंटीन किया हुआ है और बाकी जिला में विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन है। राहत की बात यह है कि आज 185 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।
1864 को पहली व 2155 को दूसरी वैक्सीन डोज दी गई
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने जिले में वैक्सीन प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को विभाग की ओर से 1864 लोगों को पहली व 2155 लोगों को दूसरी डोज दी गई। जिले में अभी तक 175635 लोगों को डोज दी जा चुकी है। प्रशासन का लगातार प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को डोज दी जाए और इसके लिए गांव व शहर के अनेक जगहों पर वैक्सीन कैंप आयोजित किए जा रहे हैं।
कोसली अस्पताल में 142 लोगों ने कराया टीकाकरण
कोसली स्थित नागरिक अस्पताल में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत डॉक्टरों की सलाह अनुसार लोग कोरोना से बचाव को लेकर टीका लगवा रहे हैं। बुधवार को 45 साल से ऊपर के 142 लोगों ने टीके लगवाए। वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. चितरंजन ने बताया कि सरकार के दिशा निर्देशानुसार नागरिकों को कोविड वैक्सीन दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज लेना बेहद जरूरी है। व्यक्ति को पहला टीका लगने के बाद दूसरी डोज कब लगेगी, इसकी जानकारी फोन पर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को नागरिक अस्पताल कोसली में 69 नागरिकों को पहली डोज तथा 73 लोगों को दूसरी डोज दी गई।