रेवाड़ी। धारूहेड़ा स्थित विवेकानंद स्कूल संचालक और कसौला थाना पुलिसकर्मी सहित 24 घंटे के दौरान चार लोग कोरोना की जंग हार गए। सभी का मंगलवार को कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया। वहीं 204 नए कोरोना संक्रमित मरीजों के साथ जिला में सक्रिय मरीजों की संख्या 1287 पर पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार मंगलवार को 204 नए मरीजों के साथ संक्रमित का कुल आंकड़ा 19264 व चार मौत के साथ मृतकों की संख्या 244 पर पहुंच गई है। वहीं 263 मरीज अस्पताल व 1024 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। जिले में 2 लाख 7 हजार 875 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है।
पत्नी की मौत के बाद स्कूल संचालक ने गुरुग्राम में तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार दो सप्ताह पूर्व पोप सिंह की पत्नी अनीता की कोरोना से मौत हो गई थी। अब विवेकानंद स्कूल ग्रुप के निदेशक पोप सिंह की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। मंगलवार को उनके पैतृक गांव रोजका में कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार किया गया। बताया जा रहा है कि स्कूल संचालक की माता भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गई थी। पोप सिंह को कोरोना संक्रमण होने पर पहले रेवाड़ी भर्ती कराया गया था, तबीयत बिगड़ने पर गुरुग्राम रेफर कर दिया गया। वहां उनकी मौत हो गई।
सेक्टर-3 में रहता था पुलिसकर्मी
गांव ओढ़ी निवासी पुलिसकर्मी विजय चौहान परिवार के साथ सेक्टर-3 में रहता था। वहीं दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित कसौला थाना में तैनात था। कोरोना संक्रमित होने के बाद अस्पताल में भर्ती पुलिसकर्मी ने सोमवार की रात को दम तोड़ दिया। मंगलवार को सेक्टर-1 स्थित सोलाराही शमशान घाट पर कोविड प्रोटोकॉल व पुलिस की सलामी के साथ अंतिम संस्कार किया किया। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
रिकवरी रेट में हुआ सुधार
डीसी यशेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की सजगता और नागरिकों के सहयोग की वजह से फिलहाल कोरोना का प्रभाव कम हुआ है, लेकिन अभी भी हम सभी को सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी का आना अच्छी खबर है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमितों का रिकवरी रेट सुधरकर 92.4 पर पहुंच गया है। डीसी ने बताया कि जिले में अभी तक दो लाख 6 हजार 174 व्यक्तियों का टीकाकरण किया जा चुका है, जिनमें 9 हजार 614 हेल्थ केयर वर्कर्स, 10 हजार 487 फ्रंटलाइन वर्कर्स, 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के ऊपर 90 हजार 308, 60 से 45 वर्ष आयु वर्ग से ऊपर के 68 हजार 618 व्यक्ति तथा 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के 27 हजार 147 व्यक्ति शामिल हैं। डीसी ने बताया कि जिले में विभिन्न स्थानों पर सर्वे टीमों द्वारा घर-घर पहुंच कर संभावित मरीजों की पहचान की जा रही है।
--
फोटो-18 से 20