रेवाड़ी। जिले में कोरोना का संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है और डॉक्टर भी इसकी चपेट में आने लगे हैं। चिकित्सकों में बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण जिले के सबसे बड़े सरकारी नागरिक अस्पताल में वीरवार को ओपीडी बंद करनी पड़ी। अचानक ओपीडी बंद करने से सुबह पहुंचे मरीजों को वापस लौटना पड़ा और परेशानी झेलनी पड़ी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि डॉक्टरों के लगातार संक्रमित होने के चलते ओपीडी बंद करने का निर्णय लेना पड़ा। ताकि कोविड-19 के अन्य जरूरी सेवाओं को चलाया जा सके। हालांकि खांसी, जुकाम व बुखार लक्षण वाले मरीजों की ओपीडी पहले की तरह ही चलती रहेगी। जिले में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 3 दिन पहले ही सभी प्रकार की सर्जरी बंद कर दी थी। हालांकि गायनी व आपातकालीन स्थिति में की जाने वाली सर्जरियों को खुला रखा गया था। वहीं वीरवार को ओपीडी को भी बंद करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार नागरिक अस्पताल में अभी तक 12 से अधिक डॉक्टर पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इसके चलते ओपीडी चलाना मुश्किल हो रहा था। वहीं कोविड वार्ड में 24 घंटे तैनाती करने के लिए भी चिकित्सकों की जरूरत महसूस की जा रही थी। ऐसे में कोविड-19 वार्ड को सुचारू रूप से चलाने के लिए वीरवार सुबह ही स्वास्थ्य विभाग ने ओपीडी बंद कर दी। बता दें कि कोविड-19 से पहले शहर के नागरिक अस्पताल में 15 सौ से अधिक की ओपीडी प्रतिदिन की जाती थी। हालांकि इन दिनों में ओपीडी घटकर 700 से 800 रह गई थी।
वर्जन
नागरिक अस्पताल में चिकित्सक लगातार पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। करीब 12 डॉक्टर पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इसके चलते ही वीरवार को ओपीडी बंद करनी पड़ी ताकि कोविड-19 के लिए जरूरी सेवाओं को जारी रखा जा सके। गायनी विभाग में सर्जरी व अन्य जरूरी सर्जरी की जा रही है। वहीं दूसरी ओर कोविड-19 के मरीजों की ओपीडी भी जारी रहेगी।
- डॉक्टर सर्वजीत थापर, प्रधान चिकित्सा अधिकारी नागरिक अस्पताल।