रेवाड़ी। रेवाड़ी में चोरों ने एक गोदाम से 10 लाख रुपये का सामान और कार चोरी कर ली। चोरों ने वारदात से पहले गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए। सुबह चोरी का पता चलने पर गोदाम मालिक ने सिटी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने चोरी का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शहर के मोहल्ला मेहरवाड़ा निवासी धीरज की ट्रेडिंग कंपनी है। उनकी कंपनी तांबा का कच्चा माल सप्लाई करती है। धीरज ने अपना गोदाम शहर के ही नसियाजी रोड स्थित शांति नगर में बनाया हुआ है। सोमवार की रात एक कार में सवार होकर कुछ चोर उनके गोदाम पर पहुंचे और सबसे पहले गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों को डंडे से तोड़ दिया। उसके बाद वे गोदाम का ताला तोड़कर घुस गए। यहां अंदर खड़ी तांबे से भरी कार और कमरे में रखा कच्चा माल लेकर भाग गए। गोदाम स्वामी के अनुसार चोरों ने 1200 किलो तांबा चोरी कर लिया है।
सिटी थाना पुलिस ने मौका मुआयना करने के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने गोदाम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की तो पता चला कि चोरी की वारदात रात करीब ढाई बजे हुई है। साथ ही चोर आधे घंटे बाद गोदाम से निकलकर आते हुए दिखाई दिए, लेकिन अंधेरा ज्यादा होने की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पाई है।