नारियल पानी बेचते दुकानदार। संवाद
रेवाड़ी। गर्मी की वजह से नारियल पानी की मांग में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लोग गर्मी से राहत पाने और शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए प्राकृतिक पेय पदार्थों को प्राथमिकता दे रहे हैं। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और बाजारों में लगी नारियल की रेहड़ियों से लोग नारियल पानी खरीद रहे हैं।
दुकानदारों के अनुसार पहले जहां नारियल पानी की बिक्री सीमित रहती थी वहीं अब रोजाना 70 से 80 नारियल आसानी से बिक रहे हैं। मांग बढ़ने के साथ ही इसके दामों में भी उछाल आया है। पिछले करीब 15 दिनों में नारियल की कीमतों में 20 से 25 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है।
वर्तमान में एक नारियल का फुटकर भाव 80 से 90 रुपये तक पहुंच गया है जबकि कुछ समय पहले तक यही नारियल 60 से 70 रुपये में बिक रहा था। वहीं थोक बाजार में कीमतें बढ़ने का असर खुदरा बिक्री पर भी पड़ रहा है। गर्मी का असर बढ़ा रहने पर आने वाले दिनों में इसकी मांग और बढ़ने की संभावना है।
ग्राहकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा :
महाराणा प्रताप चौक के पास नारियल बेचने वाले दुकानदार अली ने बताया कि ग्राहकों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रोजाना से 70 से 80 नारियल बिक जाते हैं। वहीं बावल चौक पर विक्रेता कमल सैनी का कहना है कि लोग नारियल पानी को प्राथमिकता दे रहे हैं। इसे सेहत के लिए लाभकारी माना जाता है जो शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ इम्युनिटी बढ़ाने में भी सहायक है।