रेवाड़ी। रालियावास गांव में सत्यबीर नंबरदार के घर की दुकान के सामने लगे ट्रांसफार्मर नंबर-23 में बुधवार रात करीब साढ़े 10 बजे अचानक आग लग गई। आग लगते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 112 इमरजेंसी सेवा को सूचित किया। आग की लपटें बढ़ती देख ग्रामीणों ने पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा नुकसान होने से बच गया। आग के कारणों का अभी पता नहीं चल सका।