मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सोमवार को रेवाड़ी और बावल विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा कर प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। शहर के मोती चौक पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भाजपाइयों में मचे घमासान पर महज एक लाइन बोले। उनका भाषण परिवारवाद पर केंद्रित रहा। सीएम ने कहा कि हमारा विधायक बागी हो गया है, हमारी कोई सहानुभूति नहीं है। सूबे के मुख्यमंत्री मनोहरलाल सोमवार को बावल विधानसभा में जनसभा करने के बाद रात करीब साढ़े 9 बजे शहर के मोती चौक पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जनसभा करने पहुंचे थे। उन्होंने अपने भाषण में कहा कि हमारा परिवार चार दीवारी तक सीमित नहीं है। प्रदेश की ढाई करोड़ जनता हमारा परिवार है। इसके चलते ही हमारे यहां बिना भेदभाव के काम किया जाता है।
परिवारवाद पर राहुल गांधी की तारीफ की
सीएम ने कहा कि अच्छे कार्यों के लिए विपक्ष की तारीफ करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद राहुल गांधी ने हार का जिम्मा लेते हुए कहा था कि परिवारवाद के चलते हार हुई है, ऐसे में पार्टी को परिवार से बाहर अध्यक्ष तलाशने की जरुरत है। लेकिन तीन माह बाद पार्टी परिवार से बाहर पार्टी अध्यक्ष को नहीं तलाश पाई। ऐसे में राहुल गांधी द्वारा परिवारवाद को खत्म करने की बात सोचना तारीफ के लायक था। वहीं सीएम द्वारा खोदा पहाड़ निकली चूहिया के बयान पर भी सफाई दी गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों को कहावत समझ में नहीं आती है। उनकी ओर से कहावत के माध्यम से राहुल गांधी के बाद मम्मी को अध्यक्ष बनाने की बात कही गई थी।
अन्य पार्टियों का नहीं कोई अस्तित्व
सीएम ने कहा कि हरियाणा में अन्य पार्टियों का कोई अस्तित्व नहीं रह गया है। बस कुछ लोग 5-10 सीटों पर खूंटा गाड़े बैठे हैं। उन्होंने कहा कि इनेलो व जजपा समाप्त हो चुकी है। आज भाजपा के मुकाबले में कोई भी नही है। लोकसभा के बाद पहली बार ऐसा होगा कि कोई पार्टी पहले से ज्यादा बहुमत से सरकार बनाएगी।
इस दौरान सीएम के भाषण से पहले केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि रेवाड़ी हॉट सीट बन गई है। उन्होंने बाकी विधायक का नाम लिए बगैर कहा कि एक मछली पूरे तालाब को गंदा कर देती है। पार्टी ने कार्रवाई हुए 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां तक मैं जानता हूं, पार्टी द्वारा एक निकाले जाने के बाद 6 साल तक वापस नहीं लिया जाता।
बावल में बनवारी के लिए मांगे वोट
सीएम ने बावल में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने बिना भेदभाव के काम किए हैं। बावल में भी खूब कार्य कराए हैं। ऐसे में डॉ. बनवारी लाल को पहले के मुकाबले ज्यादा मतों से जीताकर विधानसभा भेजें। वहीं रेवाड़ी व कोसली में सुनील व लक्ष्मण बनकर वोट मांगकर जीताने का आह़्वान किया।