मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने वीरवार को आईजीयू में आयोजित वार्षिकोत्सव में 105 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने गांव सहारनपुर के पॉलीक्लीनिक का उद्घाटन कर उसके विकास के लिए पांच करोड़ रुपये की घोषणा भी की। आईजीयू में पहली बार पहुंचे सीएम ने अभी तक विकास की दौड़ में पिछड़ रही यूनिवर्सिटी को गति प्रदान की है। उन्होंने मीरपुर गांव के लिए 50 लोग लाख रुपये की भी घोषणा की। जाते-जाते काम में लापरवाही और अन्य शिकायत मिलने पर सीएम ने डीपीआरओ सुरेंद्र वर्मा को निलंबित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिवर्सिटी बेटी-पढ़ाओ, बेटी-बचाओ के नारे को सार्थक कर रही है। इसमें 80 फीसदी लड़कियां अध्ययन कर रही हैं। यह बहुत गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय समिट में सात लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। पिछले दो साल में 13 हजार उद्योग हरियाणा में लगे हैं। इनमें करीब एक लाख 70 हजार युवाओं को रोजगार मिला है। महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के कॉलेज आईजीयू यूनिवर्सिटी से संबंध करने पर कहा उन्होंने कहा कि इस संबंध में 14 मई को एक्ट पास कर दिया गया है। अभी यह मामला गवर्नर के पास संतुति के लिए गया है। वहां से नोटिफिकेश होकर आने के बाद इसे संबद्ध कर दिया जाएगा। सरकार ने पिछले दिनों नई खेल नीति बनाई है। इस खेल नीति में सुधार किया गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया है। इनाम की राशि भी बढ़ाई गई है।
अपवाद को नियम नहीं मानें
छात्र संख्या कम होने के बाद भी रेवाड़ी के गोठड़ा ठप्पा के स्कूल को अपग्रेड करने के मामले में सीएम ने कहा कि अपवाद को नियम नहीं मानना चाहिए। यह केवल अपवाद है। स्कूलों का अपग्रेडेशन पर्याप्त छात्र संख्या होने के बाद ही होगा। साथ ही कहा कि भिवानी, जींद और पंचकुला में मेडिकल कॉलेजों पर काम चल रहा है। अभी सरकार पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज बनाने पर भी विचार कर रही है। मनेठी में एम्स की ब्रांच खुले। इसके लिए केंद्र सरकार से सकारात्मक रुख की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि दक्षिण हरियाणा में सबसे बड़ी समस्या पानी की है। इसके लिए लिफ्ट इरीगेशन पर 133 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। अभी यमुना से हमें चार माह तक पानी मिलता है। प्रयास किया जा रहा है कि यह पानी आठ माह तक मिले। मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि प्रदेश की स्थानांतरण पॉलिसी की सभी जगह सराहना हो रही है। पिछले दिनों हमारे यहां से सरकार के नुमाइंदे लखनऊ गए थे। वहां इस पर चर्चा की गई। साथ ही छह अन्य प्रांतों ने भी इस पर काम करने की इच्छा जताई है। वहीं 7000 जेबीटी टीचर्स ने ड्यूटी ज्वाइन कर ली है। अभी अन्य भर्तियां भी एचएसएससी के तहत होंगी।
इनका हुआ उद्घाटन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री ने यूनिवर्सिटी में अटल पुस्तकालय, हेमचंद्र विक्रमादित्य शिक्षा-सदन, राव बीरेंद्र सिंह जलापूर्ति केंद्र, पूर्व निर्मित शैक्षणिक/प्रशासनिक भवन (द्वितीय चरण) का नामकरण सरदार बल्लभ भाई पटेल के नाम से उद्घाटन किया। वहीं पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार, डॉ. बीआर अंबेडकर खेल परिसर, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम अभियांत्रिकी भवन, मां शारदा छात्रावास का शिलान्यास तथा फैकल्टी हाउस की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर जबकि अतिविशिष्ट अतिथि केंद्रीय शहरी विकास राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और विशिष्ट अतिथि शिक्षामंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह एवं जनस्वास्थ्य मंत्री डॉ. बनवारीलाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने की। विशेष अतिथि कोसली विधायक बिक्रम सिंह यादव और पटौदी विधायक बिमला चौधरी थे।
अपराध की स्थिति में आया सुधार
सीएम ने कहा कि पिछली सरकार से तुलना की जाए तो अब अपराध की स्थिति में काफी सुधार आया है। ढाई साल में तीन डीजीपी बदलना कोई बड़ी बात नहीं है। यह एक प्रक्रिया का हिस्सा है। लेकिन हमारा प्रयास अपराध पर नियंत्रण पाना है। साथ ही कहा कि लिंगानुपात के मामले में दो जिलों की ओर से गलत रिपोर्ट बनाकर देने की सूचना मिली है। अगर यह सही है तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
अब चार करम की रोड बना सकेगी पीडब्ल्यूडी
विधायक कापड़ीवास की तरफ से सड़क बनाने की मांग पर सीएम ने उन्हें विशेष छूट देकर इसके लिए संशोधन कर चार करम तक के रोड पीडब्ल्यूडी से बनवाने की बात कही। इससे पहले छह करम या इससे अधिक के रोड ही पीडब्ल्यूडी बनाता था। सरकार की बिजली चोरी रोकने की नई योजना में बिल भरने वाले उपभोक्ताओं का आ रही दिक्कत पर कहा कि इसके लिए विचार किया जा रहा है। कोशिश की जा रही है कि बिजली बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को दिक्कत नहीं हो। साथ ही सरकार स्मार्ट मीटर लगाने पर भी विचार कर रही है। जिससे बिजली चोरी की समस्या रुकेगी। उन्होंने सिरसा के एक गांव का भी उल्लेख किया जिसमें लाइन लोस 88 फीसदी से घटकर 18 प्रतिशत तक रह गया। इसके लिए उनकी पंचायत ने प्रयास किए।
दाल में काला
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि यूनिवर्सिटी ने 50 बच्चों का एमएड में दाखिला दिलाकर एमए की डिग्री दे दी। यह दाल में कुछ काला है। इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही तंज भी कसा कि गत वर्ष यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में उन्हें बुलाया नहीं गया। उन्होंने कहा कि जब तक गुरुग्राम में यूनिवर्सिटी शुरू नहीं हो जाए तब तक पलवल, गुरुग्राम, मेवात और फरीदाबाद के कॉलेजों का संचालन आईजीयू से किया जाए। साथ ही बीएड के एंट्रेस टेस्ट यूनिवर्सिटी में कराने की भी मांग की। उन्होंने यूनिवर्सिटी में राव तुलाराम चेयर के लिए 11 लाख रुपये देने की भी घोषणा की। इस अवसर पर मुकुल कानेटकर, कुलपति प्रो. एसपी बंसल एवं रजिस्ट्रार डॉ. मदनलाल गोयल ने भी विचार रखे।
कार्यकर्ताओं की ली मीटिंग
वार्षिकोत्सव समाप्त होने के बाद सीएम मनोहर लाल ने यूनिवर्सिटी परिसर में ही जिले के कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। सीएम अपने सभी प्रवासों में कार्यकर्ताओं से रूबरू हो रहे हैं। माना जा रहा है कि अगले माह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दौरे को देखते हुए सीएम ऐसा कर रहे हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
वार्षिकोत्सव के दौरान कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए। जिसमें हरियाणी गीतों पर शानदार प्रस्तुति दी गई। लोगों ने इन प्रस्तुतियों पर जमकर तालियां बजाई। सीएम ने कई उपलब्धियों पर पुरस्कार भी बांटे। पुस्तकों का विमोचन भी किया।
यह रखी मांग
विधायक रणधीर सिंह कापड़ीवास ने मुख्यमंत्री के सामने कई मांगें रखी जिनमें
- माजरा श्योराज में बनने वाला मेडिकल कॉलेज बने। जिसके लिए ग्रामीणों ने 20 एकड़ जमीन भी दे रखी है।
- घारूहेड़ा को उपमंडल एवं खंड का दर्जा मिले।
- रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल को 200 बैड का किया जाए।
- जिले की ग्राम पंचायतों को विकास के लिए 20 करोड़ रुपये दिए जाएं।
- नप रेवाड़ी को कार्य के लिए 20 करोड़ एवं धारूहेड़ा को 10 करोड़ मिलें।
- औद्योगिक क्षेत्र धारूहेड़ा की सड़के बनाई जाएं।
- रेवाड़ी में जाम की स्थिति से निपटने के लिए नया आउटर विंग बने।
- 50 प्रतिशत से अधिक बनी कॉलोनी रेगूलाइज हों।
- एसवाईएल का पानी आने तक हिस्से का भी मिले।
- अधिकारियों के काम की समयसीमा तय हो।
- रेवाड़ी के दो तालाब एतिहासिक धरोहर घोषित किए जाएं।
- उद्योगों में स्थानीय लोगों को रोजगार दिलाने के लिए पॉलिसी बने।