संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले में 25 जनवरी तक मौसम में बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 20 और 21 जनवरी को आंशिक बादल छाए रहने और उत्तरी और दक्षिणी हरियाणा के कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि दिन के तापमान में विशेष गिरावट की संभावना नहीं है।
एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 से 24 जनवरी के बीच राज्य के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि यह प्रभाव छिटपुट रहेगा, लेकिन बादल छाए रहने से सुबह और शाम की ठंड में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं 24 जनवरी की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसके चलते 25 जनवरी से ज्यादातर हिस्सों में बारिश होने के आसार बन रहे हैं।
इस पूरे दौरान हवाओं की दिशा में बदलाव बना रहेगा और हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार रात्रि तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है, जबकि दिन के तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा।
इसके अलावा इस अवधि में अलसुबह और देर रात के समय कहीं-कहीं धुंध छाए रहने की भी संभावना जताई गई है।