रेवाड़ी। नगर परिषद में प्रॉपर्टी आईडी की प्रोसेसिंग और अप्रूवल में गड़बड़ी के आरोप में जिला नगर आयुक्त प्रदीप अहलावत ने क्लर्क हरकेश को निलंबित किया है। मामले की जांच पूरी होने तक उन्हें निलंबित रखने के आदेश दिए गए हैं। इस दौरान वह नगर पालिका धारूहेड़ा से अटैच रहेंगे।
हरकेश पर कार्रवाई से पहले 31 अक्तूबर को दिल्ली रोड स्थित शिवनगर में करीब 707 गज के अनअप्रूव्ड प्लॉट की प्रॉपर्टी आईडी बनाने के मामले में चेकर बलवान और मेकर हरकेश को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
आरोप था कि अनअप्रूव्ड प्लॉट की जीपीएस लोकेशन सामने स्थित अप्रूव्ड क्षेत्र उत्तम नगर मंदिर में दिखाकर उसकी आईडी बना दी गई। डीएमसी के निर्देश पर दोनों कर्मचारियों से जवाब मांगा गया था।
शहर के खसरा नंबर 242 की करीब 860 वर्ग गज जमीन की प्रॉपर्टी आईडी को अवैध तरीके से डी-फ्रीज करने का मामला भी सामने आया था। इसकी जांच एडीसी राहुल मोदी की अध्यक्षता में गठित चार सदस्यीय कमेटी ने की थी।
कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर एनडीसी पोर्टल के चेकर बलवान सिंह और मेकर क्लर्क अजय कुमार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, यह मामला हरकेश के खिलाफ हुई कार्रवाई से अलग है।
नई आबादी की आईडी में भी उठे थे सवाल
15 अक्तूबर को नई आबादी की एक प्रॉपर्टी आईडी में स्वामित्व संबंधी दस्तावेज को लेकर भी विवाद सामने आया था। आवेदन को पहले आगे बढ़ाया गया, लेकिन बाद में दस्तावेज स्पष्ट नहीं होने का हवाला देकर आपत्ति लगा दी गई। इस मामले में भी चेकर और मेकर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। नगर परिषद में लगातार सामने आ रहे इन मामलों से प्रॉपर्टी आईडी और एनडीसी पोर्टल की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में है। हरकेश के निलंबन के बाद अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि इस मामले में उनकी भूमिका क्या रही और अन्य प्रकरणों में विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।