संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सदर थाना के एसआई परविंद्र पर मिलीभगत कर दूसरे पक्ष का साथ देने के आरोपों की जांच डीएसपी रेवाड़ी सिटी जोगिंदर ने पूरी कर रिपोर्ट पेश कर दी है। जांच में सब इंस्पेक्टर को क्लीन चिट दी गई है। साथ ही आरोपी अनिल समेत दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है।
मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ था। इस घटना के बाद राजेश के पक्ष में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विधायक लक्ष्मण सिंह यादव से मिलकर एसआई परविंद्र का तुरंत तबादला कराने और मामले की जांच की मांग उठाई थी। उनका आरोप था कि कब्जा करने वाले लोग परविंद्र के रिश्तेदार हैं, जिस कारण उन्हें कब्जा करने के लिए बढ़ावा दिया जा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी भी की थी। इससे पूर्व ग्रामीणों ने एसपी मयंक गुप्ता से भी मिलकर एसआई के तबादले और कब्जा करने वालों लोगों पर एक्शन लेने की मांग उठाई थी। ग्रामीणों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
यह था पूरा मामला : रामगढ़ निवासी राजेश ने एसपी को दर्ज शिकायत में बताया था कि वह और उसका बेटा हेमंत गांव में बने मकान में 25 साल से अकेले रहते हैं। उसके भाई की मौत के बाद भाभी ने दूसरी शादी कर ली थी। राजेश ने आरोप लगाया था कि गत 2 जनवरी को एसआई परविंद्र वे उसे और उसके लड़के हेमंत को थाने बुलाकर हवालात में बंद कर दिया। गांव निवासी सोनू ने थाने में आकर बताया कि उसके मकान का ताला टूटा हुआ है। दो महिलाएं और बच्चे उसके मकान में घुस गए हैं। उसकी जमीन पर विमला और अनिल का कोई हिस्सा नहीं है। विमला अपने हिस्से की जमीन पहले ही दे चुकी है।