रेवाड़ी। शहर अभय सिंह चौक पर साइकिल सवार पिता- पुत्र को एक तेल के टैंकर ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता सड़क के साइड किनारे जा गिरा, जबकि बेटे के ऊपर से टैंकर गुजर गया। हादसे में बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार रामधीरज शहर में माली का काम करते हैं। दिल्ली रोड पर उत्तम नगर में परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार को वह अपने बेटे राजकुमार (14) को साइकिल से स्कूल छोड़ने के लिए जा रहे थे। रास्ते में अभय सिंह चौक पर पीछे से आ रहे एक तेल के टैंकर ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर से राजकुमार सीधे टैंकर के नीचे आ गया और उसकी मौत हो गई। हादसे में पिता रामधीरज को मामूली चोटें आई हैं। राजकुमार नौंवी कक्षा में शहर के एक निजी स्कूल में पढ़ता था। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने आरोपी टैंकर चालक को पकड़ लिया है। उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।