भाड़ावास स्थित बाल माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाहर निकलते परीक्षार्थी। सं
रेवाड़ी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) की 12वीं कक्षा की भूगोल विषय की परीक्षा जिले के 35 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा दोपहर साढ़े 12 से साढ़े 3 बजे तक चली जबकि विद्यार्थियों का प्रवेश दोपहर 12 बजे से ही शुरू कर दिया गया था। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केंद्रों पर विद्यार्थियों की सघन जांच की गई और नियमों का सख्ती से पालन कराया गया।
जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी गई। केंद्रों के बाहर भीड़ न जुटे, इसके लिए पुलिस की टीमें लगातार गश्त करती रहीं। प्रशासन की ओर से परीक्षा को नकलमुक्त बनाने के लिए विशेष उड़नदस्तों का गठन किया गया था जिन्होंने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इसके अलावा, केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ को रोकने और अनुचित गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए फोटोस्टेट की दुकानों को भी बंद रखा गया। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया।
उनका कहना था कि पेपर पूरी तरह सिलेबस पर आधारित था और अधिकांश प्रश्न पुराने प्रश्न पत्रों से मिलते-जुलते थे। हालांकि एक अंक के कुछ प्रश्नों में थोड़ी कठिनाई महसूस हुई। वहीं जनसंख्या आधारित प्रश्न विद्यार्थियों की अपेक्षा से बेहतर रहे।
-
वर्जन :
12वीं कक्षा की भूगोल विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहीं।
-रतन सिंह, बोर्ड अधीक्षक, रेवाड़ी।